सार्वजनिक मार्ग पर अवैध कब्जे का आरोप, शौचालय का गड्ढा खोदने से रास्ता बाधित होने की शिकायत
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा/प्रतापगढ़। कुंडा नगर पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक मार्ग पर कथित अवैध अतिक्रमण और शौचालय का गड्ढा खोदकर रास्ता बाधित करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ममता सिंह पत्नी ओम प्रकाश सिंह ने उपजिलाधिकारी कुंडा को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, नगर पंचायत कुंडा के कबड़ियागंज निवासी ममता सिंह ने आरोप लगाया है कि प्रेम नगर निवासी सुनील कुमार मोदनवाल ( कोमल स्वीट हाउस)द्वारा सार्वजनिक आम रास्ते/पीडब्ल्यूडी मार्ग की भूमि पर पक्की ईंट की दीवार बनाकर कथित रूप से अतिक्रमण किया जा रहा है। साथ ही ऊंची-नीची भूमि पर शौचालय का गड्ढा खोदने से सार्वजनिक रास्ता अवरुद्ध होने की आशंका जताई गई है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे आम लोगों के आवागमन में परेशानी हो सकती है और गंदगी फैलने की आशंका भी है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराकर सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा शौचालय के गड्ढे को नियमानुसार हटवाने की मांग की है।
ममता सिंह ने उपजिलाधिकारी कुंडा, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कुंडा एवं संबंधित अधिकारियों से जनहित में तत्काल कार्रवाई की अपील की है। प्रार्थना पत्र के साथ निर्माणाधीन स्थिति के फोटो भी संलग्न किए जाने का उल्लेख है।
अब देखना है कि प्रशासन शिकायत पर जांच कर सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए क्या कदम उठाता है।











