रायबरेली: ऊँचाहार में जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, भाई और भतीजे ने किया चाकू से हमला
संवाददाता धीरेंद्र कुमार. रायबरेली जनपद के ऊँचाहार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत किशुनदासपुर गाँव में शनिवार सुबह जमीनी विवाद ने विकराल रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद उपजे खूनी संघर्ष में सगे भाई और भतीजे ने मिलकर एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग 10:30 बजे किशुनदासपुर निवासी मोहन लाल पुत्र भगवानदीन अपने घर के पास थे। इसी दौरान पुराने जमीनी विवाद को लेकर उनके भाई पीताम्बर पुत्र भगवानदीन और भतीजे अजय पुत्र पीताम्बर ने उनसे विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने गालियां देते हुए मोहन लाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस बीच बीच-बचाव करने आई मोहन लाल की बेटी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
कोतवाली में दी गई तहरीर
हमले में गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ मोहन लाल तुरंत ऊँचाहार कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आपबीती सुनाई और अपनी तथा परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई।











