प्रतापगढ़ संग्रामगढ़ में नहर में कूदी युवती, पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाई जान
संवाददाता प्रतापगढ़। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के कुशवाहापुर चौराहे पर रविवार रात करीब 8:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 20 वर्षीय युवती ने नहर में छलांग लगा दी। मौके पर चेकिंग कर रही पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से तत्परता दिखाते हुए युवती को सकुशल बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार, युवती की पहचान रजवापुर गांव निवासी मोनी के रूप में हुई है। युवती ने अपने परिजनों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में थाना प्रभारी सिद्धार्थ सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान युवती के नहर में कूदने की घटना हुई। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से उसकी जान बचा ली गई।
घटना के बाद पुलिस ने युवती के परिजनों को मौके पर बुलाकर समझाया और युवती की समुचित देखभाल करने की हिदायत दी। पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ा हादसा टल गया।











