मैनपुरी में करंट की चपेट में आने से 10 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार ने लगाया गंभीर आरोप
संवादाता: पंकज मिश्रा मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के आगरा रोड बाईपास स्थित दीप गंगा गार्डन में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। दीवार में प्रवाहित विद्युत करंट की चपेट में आने से 10 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, दीप गंगा गार्डन में एक परिवार पिछले करीब 20 वर्षों से रह रहा है। परिजनों का आरोप है कि महेश फिलिंग स्टेशन के मालिक की ओर से उन्हें 15 दिनों के अंदर मकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया था। आरोप है कि इसी दौरान पास में बनी एक दीवार में विद्युत करंट प्रवाहित करने के उद्देश्य से तार निकाल दिया गया था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे 10 वर्षीय देव कश्यप पुत्र किशन पाल दीवार के पास पहुंचा। इसी दौरान वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गया और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।
परिजनों का आरोप है कि घटनास्थल पर मौजूद चौकीदार पूरी घटना देखता रहा, लेकिन उसने मासूम को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। कुछ देर बाद जब बच्चे की मां मौके पर पहुंची तो बेटे को अचेत अवस्था में देखकर घबरा गई। वह आनन-फानन में मासूम को लेकर जिला अस्पताल की ओर दौड़ी, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में बच्चे ने दम तोड़ दिया।











