त्योहारों से पहले एटा पुलिस ने ड्रोन से की निगरानी।
संवादाता अमन अहमद।
एटा। प्रदेश में अलर्ट जारी होने के बाद एटा पुलिस ने शुक्रवार को शहर के भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस का कहना है कि आगामी जुमे की नमाज, नवदुर्गा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।ड्रोनोग्राफी विशेष रूप से कोतवाली नगर क्षेत्र के मिश्रित आबादी वाले हिस्सों में की गई। पुलिस टीम ने घंटाघर, किदवई नगर, महाराज नई बस्ती और होली मोहल्ला जैसे इलाकों में ऊपर से निगरानी रखी। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी अराजक तत्व द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश न हो।
थाना प्रभारी शंभूनाथ ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर यह सघन अभियान चलाया गया है। उनका कहना है कि ड्रोन कैमरों की मदद से पुलिस संभावित खतरे को समय रहते रोक पाएगी और त्योहारों पर लोग सुरक्षित माहौल में शामिल हो सकेंगे।












