मिशन शक्ति 5.0 : नौवीं की छात्रा बनी एक दिन की जिला पूर्ति अधिकारी
संवाददाता मुकेश कुमार
एटा, 30 सितम्बर 2025।
महिलाओं के स्वावलंबन, सशक्तिकरण एवं सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत जनपद एटा में अनूठी पहल देखने को मिली। अंबेडकर नगर एटा की निवासी सुश्री सानवी सिंह, पुत्री श्री हिरदेश कुमार और सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा ने मंगलवार को एक दिन के लिए जिला पूर्ति अधिकारी (DFO) एटा का पद ग्रहण किया। इस दौरान सानवी सिंह ने नए राशन कार्ड लाभार्थियों को स्वयं राशन कार्ड वितरित किए और आमजन की समस्याओं को सुनने के लिए जनसुनवाई भी की। उन्होंने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि जनहित की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्ता परक समाधान कराया जाना चाहिए, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुँच सके। जिला प्रशासन ने छात्रा की पहल को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है तथा समाज में नारी सशक्तिकरण का सशक्त संदेश जाता है।












