नीली बत्ती और हूटर लगी गाड़ी को सीओ ने किया सीज
मंडल संवाददाता अमित चौहान
कासगंज।
जनपद के पटियाली कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब क्षेत्राधिकारी (सीओ) संदीप वर्मा ने चेकिंग अभियान के दौरान नीली बत्ती और हूटर लगी एक गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी पर बड़े अक्षरों में “मानवाधिकार सुरक्षा संगठन प्रभारी उत्तर प्रदेश” लिखा हुआ था। सीओ ने जब चालक और मालिक से इस संबंध में अनुमति पत्र मांगा तो वह पेश नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान गाड़ी मालिक ओमपाल ने पहले तो गोलमोल जवाब दिए लेकिन बाद में स्वीकार किया कि उसने बिना किसी सरकारी अनुमति के गाड़ी पर नीली बत्ती और हूटर लगवाया था। सीओ के सवाल पर उसने सिर्फ इतना कहा— “सॉरी सर, गलती हो गई।” पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कृत्य पूरी तरह गैरकानूनी है। गाड़ी को मौके पर ही सीज कर दिया गया और संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी गई। सीओ संदीप वर्मा ने स्पष्ट कहा कि किसी भी निजी संगठन या व्यक्ति को सरकारी वाहनों जैसी नीली बत्ती और हूटर लगाने का अधिकार नहीं है। यह कानून का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने सीओ की इस कार्रवाई की सराहना की और कहा कि कई लोग ऐसे ही संगठन के नाम पर रौब दिखाने का काम करते हैं, जिससे आम जनता भ्रमित हो जाती है। पुलिस की इस सख्ती से भविष्य में ऐसे लोग सबक लेंगे।












