जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय बेलवा महादेव द्वितीय और आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण
रिपोर्टर: नवल किशोर मिश्रा सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी डा. राजा गणपति आर0 ने प्राथमिक विद्यालय, बेलवा महादेव द्वितीय और आंगनबाड़ी केंद्र, महादेवा, विकास खंड नौगढ़ पर आयोजित बीएचएनडी दिवस का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि एएनएम रागिनी यादव अनुपस्थित थी। इस पर जिलाधिकारी ने एमओआईसी नौगढ़ से फोन के माध्यम से वार्ता की। एमओआईसी ने बताया कि एएनएम लापरवाही करती रही हैं और उन्हें पहले भी नोटिस दिया जा चुका है। इसके बाद जिलाधिकारी ने एएनएम को निलंबित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं के रजिस्टर का निरीक्षण किया। रजिस्टर अपूर्ण पाए जाने पर उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्री को नोटिस देने का निर्देश दिया। इसके अलावा जिलाधिकारी ने सैम-मैम बच्चों के रजिस्टर का भी निरीक्षण किया और पोषाहार वितरण की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ रहे बच्चों को दुलारा और चॉकलेट वितरित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बीएचएनडी दिवस पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, अन्नप्राशन और पोषाहार वितरण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि गांव-गांव जाकर टीकाकरण से एक दिन पूर्व गर्भवती महिलाओं और बच्चों को सूचित करें। साथ ही एएनएम को निर्देश दिया गया कि कोई भी बच्चा या गर्भवती महिला जांच और टीकाकरण से छूटे नहीं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की पहचान और नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे












