2 करोड़ की लूट में पुलिस वाले ही निकले लुटेरे!
फिरोजाबाद में पुलिस विभाग की साख पर लगा बड़ा दाग, आगरा के दो सिपाही गिरफ्तार
मंडल संवाददाता अमित चौहान
फिरोजाबाद। जनपद के थाना मक्खनपुर क्षेत्र में 30 सितंबर को हुई 2 करोड़ रुपये की सनसनीखेज लूटकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस लूट को अंजाम देने वाले गिरोह में आगरा पुलिस के दो सिपाही भी शामिल थे। दोनों पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी से पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है।गिरफ्तार आरोपी सिपाही:
पहला आरोपी अंकुर प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी (जीआरपी आगरा) है, जो हरदुआगंज, अलीगढ़ का रहने वाला है। चौंकाने वाली बात यह है कि अंकुर के पिता एक मुठभेड़ में शहीद पुलिसकर्मी रहे हैं। मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। दूसरा आरोपी मनोज कुमार, आरक्षी (पुलिस लाइन आगरा) है, जो मक्खनपुर, फिरोजाबाद का निवासी है। उसके पिता भी पुलिस विभाग में सेवाएं दे चुके हैं। देर रात मनोज कुमार ने शिकोहाबाद थाने में सरेंडर कर दिया और लूटी गई रकम की बरामदगी में सहयोग किया। एनकाउंटर में मारे गए लुटेरे से जुड़ा था गैंग
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह वही गिरोह है, जिसमें कुछ दिन पहले एनकाउंटर में मारा गया लुटेरा नरेश उर्फ पंकज पंडित (निवासी अरनी, खैर, अलीगढ़) भी शामिल था। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा—
> दोनों सिपाहियों की लूट में संलिप्तता स्पष्ट रूप से सामने आई है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।
इस मामले ने एक बार फिर पुलिस विभाग की छवि पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस टीम लूटकांड से जुड़े अन्य सहयोगियों और रकम के शेष हिस्से की बरामदगी में जुटी है।












