आगरा रोड चुंगी और क्रिश्चियन कॉलेज के पास मौत बनकर लटक रहे बिजली के खंभे
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
विद्युत विभाग कर रहा है किसी अनहोनी का इंतज़ार
एटा 12 अक्टूबर 2025 नगर के प्रमुख मार्ग आगरा रोड चुंगी और क्रिश्चियन कॉलेज के पास बिजली विभाग की घोर लापरवाही लोगों के जीवन पर भारी पड़ सकती है। सड़क किनारे लगे दो खंभे पिछले कई दिनों से बुरी तरह झुके हुए हैं, जिन पर हाईवोल्टेज तार झूल रहे हैं। यह खंभे किसी भी वक्त गिर सकते हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है। रोजाना सैकड़ों वाहन, स्कूल बसें और राहगीर इस रास्ते से गुजरते हैं। झुके खंभों से लटकते तार हवा के झोंकों में हिलते रहते हैं, जिससे किसी भी पल करंट फैलने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों ने कई बार बिजली विभाग से शिकायत की, लेकिन अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। शहर वासियों ने कहा कि विभाग मानो किसी बड़ी अनहोनी का इंतज़ार कर रहा है, तभी सुधार कार्य में इतनी लापरवाही बरती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों की माँग :
झुके खंभों को तुरंत बदला जाए
बिजली तारों की ऊँचाई और सुरक्षा की जाँच हो
विभागीय अधिकारियों पर जिम्मेदारी तय की जाए
राहगीरों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई भी हादसा जानलेवा साबित हो सकता है। जनता अब यही पूछ रही है — क्या बिजली विभाग किसी त्रासदी के बाद ही जागेगा?
विद्युतविभागउप












