रॉबर्ट्सगंज में नवजात को लेकर हंगामा
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत
परिजनों ने अस्पताल पर लगाया बच्चे को गायब करने का आरोप
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बनारस पाली हॉस्पिटल में रविवार को उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर नवजात बच्चे को गायब करने का आरोप लगा दिया। परिजनों ने अस्पताल परिसर में घंटों तक जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए।
परिजनों का कहना है कि प्रसव के दौरान ऑपरेशन में लापरवाही की गई, जिसके चलते प्रसूता की हालत बिगड़ गई। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने इलाज और ऑपरेशन के नाम पर लाखों रुपये वसूले, लेकिन सही इलाज नहीं किया। वहीं, नवजात के गायब होने की बात कहकर परिजन बिलख उठे।
डॉक्टरों ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बच्चा जन्म के समय ही मृत था और शव पिता को सौंप दिया गया था। अस्पताल प्रशासन ने मामले में किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार किया है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को किसी तरह शांत कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों की सत्यता की पुष्टि में जुटी है।
ये भी पढें मेरी माटी, मेरा तीर्थ, मेरा फतेहपुर मैं ही संवारूंगा, प्रवीण पाण्डेय बुंदेलखंडी












