जनपद एटा के ग्राम बिजैदेपुर में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त किया गया
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारी सक्रिय
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के कुशल निर्देशन में जिलेभर में पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। आगामी त्यौहारों एवं जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत थाना अलीगंज क्षेत्रान्तर्गत ग्राम बिजैदेपुर में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पुलिस गश्त अभियान संचालित किया गया।
इस अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्री राजकुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी अलीगंज श्री नीतिश गर्ग ने अपने अधीनस्थ थाना अलीगंज पुलिस बल, पीएसी व अन्य सुरक्षा कर्मियों के साथ ग्राम बिजैदेपुर में पैदल गश्त किया।
गश्त के दौरान अधिकारियों ने मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्र, मंदिर परिसर, चौक-चौराहों सहित संवेदनशील स्थानों का गहन निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उन्हें पुलिस की सतर्कता और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने नागरिकों से संवाद करते हुए अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
अपर पुलिस अधीक्षक श्री राजकुमार सिंह ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में नियमित गश्त जारी रखी जाए, किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से समझौता न किया जाए और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जाए।
क्षेत्राधिकारी श्री नीतिश गर्ग ने कहा कि अलीगंज क्षेत्र पुलिस प्रशासन की सतर्क निगरानी में पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि गांवों में गश्त बढ़ाई गई है, रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को भी सुदृढ़ किया गया है ताकि असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस बल ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि किसी भी तरह की समस्या पर पुलिस तत्परता से सहयोग करेगी। ग्रामीणों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे अभियान से लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है।
इस अवसर पर थाना प्रभारी अलीगंज, उपनिरीक्षकगण एवं अन्य पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।












