एटा में यातायात माह का शुभारंभ: एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने दिलाई नियम पालन की शपथ, शहरभर में निकली जागरूकता रैली
संवादाता अमन अहमद।
एटा। जनपद में शुक्रवार को यातायात माह का शुभारंभ बड़े उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने हरी झंडी दिखाकर
की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई।एसएसपी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें तथा ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन न केवल कानून का सम्मान है, बल्कि यह अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी भी है।
कार्यक्रम के तहत शहरभर में एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें स्कूली बच्चों, पुलिसकर्मियों और सामाजिक संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के दौरान लोगों से सुरक्षित ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन न चलाने और सड़क सुरक्षा के संदेश दिए गए। इस मौके पर एआरटीओ सतेंद्र सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से एटा पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे जिम्मेदार चालक बनें और सड़क सुरक्षा को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।












