पत्नी से कहासुनी के बाद युवक ने पिया तेजाब: गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
एटा। पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने आवेश में आकर तेजाब पी लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने तत्काल उसे वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना एटा नगर कोतवाली क्षेत्र के काशीराम कॉलोनी की है। जानकारी के मुताबिक, काशीराम कॉलोनी निवासी सुरेंद्र (29 वर्ष), पुत्र राजेंद्र, का शुक्रवार देर रात करीब नौ बजे अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि सुरेंद्र ने गुस्से में आकर घर में रखा तेजाब पी लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत सुरेंद्र को लेकर वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज एटा पहुंचे, जहां उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सुरेंद्र की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे लगातार निगरानी में रखा गया है।
मेडिकल कॉलेज में भर्ती सुरेंद्र ने बताया कि पत्नी से कहासुनी के बाद उसने आवेश में आकर तेजाब पी लिया था। फिलहाल पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।












