एकतरफा प्यार में सिरफिरे ने युवती को मारी गोली, 10 दिन बाद होनी थी शादी
बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एकतरफा प्यार में पागल युवक ने युवती की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। युवती की पहचान 24 वर्षीय भावना शर्मा के रूप में हुई है, जिसकी 10 दिन बाद शादी होने वाली थी। भावना अपनी शादी की तैयारियों में व्यस्त थी और बाजार में खरीदारी करने गई थी। उसी दौरान यह खौफनाक वारदात हुई।
भावना के हाथों में मेहंदी लगी थी और वह पूरे उत्साह के साथ शादी की खरीदारी कर रही थी। तभी आरोपी शिवान त्यागी वहां पहुंचा और उसे गोली मार दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए। भावना की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी युवक खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वह भावना के साथ पढ़ता था और दोनों में पहले बातचीत होती थी। उसने दावा किया कि भावना ने उससे शादी का वादा किया था, लेकिन अब वह किसी और से शादी करने जा रही थी। इस बात से आहत होकर उसने भावना को “बेवफाई की सजा” देने की बात कबूली।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग भावना की असमय मौत से सदमे में हैं। भावना के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें सुबह देश राज्यों से बड़ी खबरें












