“केशकाल में उमड़ा साहू समाज का महासैलाब: उपमुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में 58 जोड़ों का सामूहिक विवाह, तेलीन सत्ती जयंती बनी ऐतिहासिक”
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
कोंडागांव/केशकाल। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ बस्तर संभाग एवं साहू समाज द्वारा आयोजित “प्रथम तेलीन सत्ती माता महोत्सव” केसकाल में भव्य और ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ। उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस विराट आयोजन में हजारों समाजजन श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के भाव के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और भावुक क्षण तब देखने को मिला जब 58 जोड़े सामूहिक आदर्श विवाह के माध्यम से दाम्पत्य सूत्र में बंधे। यह सामाजिक पहल महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से संपन्न हुई, जिसकी समाजभर में सराहना हो रही है। मंच पर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। वक्ताओं ने माता तेलीन सत्ती के त्याग, बलिदान और समाजहित में दिए गए योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें साहू समाज की गौरवशाली आस्था और शक्ति का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में बेमेतरा से जिला अध्यक्ष नारद साहू भी अपने सामाजिक पदाधिकारियों के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने समाज की एकजुटता, संस्कार और संगठन शक्ति को नई दिशा देने वाला आयोजन बताया। केशकाल की धरती पर आयोजित यह महोत्सव सामाजिक समरसता, संस्कृति और सामूहिक शक्ति का ऐतिहासिक उदाहरण बन गया।












