शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, गरीब की गृहस्थी जलकर राख
रायबरेली से संवाददाता महेश शुक्ला की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद अंतर्गत ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के बनौ का पुरवा रामसांडा गांव में बुधवार की दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ शॉर्ट सर्किट के कारण लगी भीषण आग ने एक गरीब परिवार की जमा-पूंजी और खुशियों को मिनटों में खाक कर दिया। दोपहर लगभग 3:00 बजे, जब गांव के लोग अपने घरों में थे, तभी अचानक गांव निवासी रोहित मिश्रा के छप्पर से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। धुएं का गुबार देखकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि किसी को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला। आग की प्रचंडता के आगे सब कुछ बेबस नजर आया। रोहित मिश्रा के घर में रखा साल भर का अनाज, पहनने के कपड़े, बिस्तर और रसोई के बर्तन समेत हजारों रुपये की गृहस्थी चंद मिनटों में जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गई। आग लगने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हुए। ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए निजी संसाधनों और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ नष्ट हो चुका था।पीड़ित रोहित मिश्रा के अनुसार, इस अग्निकांड में उन्हें लगभग 10,000 रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे अब उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। ग्राम प्रधान ने क्षेत्रीय लेखपाल को मामले की आधिकारिक सूचना दी है ताकि सरकारी नियमों के तहत पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिल सके।
ये भी पढ़ें बीमार पत्नी का इलाज कराने गया था पति, पीछे से दबंगों ने खोदा खेत में गड्ढा












