जनपद एटा में आज बिजली करंट की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर घायल
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
नए ट्यूबवेल की लाइन खींचते समय हुआ हादसा, गांव में मचा कोहराम
एटा। थाना आवागढ़ क्षेत्र के ग्राम नगला दर्शन में बुधवार को विद्युत लाइन खींचने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खेत में नए ट्यूबवेल के लिए बिजली कनेक्शन कराते समय अचानक करंट आ जाने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि लाइनमैन समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्राम नगला दर्शन निवासी सोनू यादव पुत्र जनक सिंह अपने खेत में नए ट्यूबवेल पर विद्युत कनेक्शन करवा रहे थे। इसी दौरान विद्युत विभाग के लाइनमैन अनुज पुत्र हरेंद्र पाल द्वारा लाइन खींची जा रही थी। अचानक विद्युत प्रवाह शुरू हो जाने से वहां मौजूद भीकम पाल उर्फ भारत पुत्र सुमेर सिंह की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में लाइनमैन अनुज, कन्हई पुत्र सत्यवीर निवासी नगला भगतुआ थाना जलेसर तथा भूरी सिंह पुत्र वंशीलाल निवासी नगला दर्शन गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल एटा भेज दिया, जबकि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आवागढ़ में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस की सतर्कता से मौके पर शांति व्यवस्था बनी रही। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।












