सेंट जोसेफ स्कूल में अभद्रता का आरोप, एबीवीपी ने किया प्रदर्शन
मंडल संवाददाता अमित चौहान
डीआईओएस ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की
कासगंज। शहर के सेंट जोसेफ स्कूल में टॉपर छात्रा के पिता से अभद्रता किए जाने के आरोप पर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने स्कूल परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की जानकारी पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार सदर को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। विदित हो कि बिलराम गेट स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में हाल ही में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान टॉपर छात्रा के पिता कृष्ण कांत शर्मा, जो भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं, के साथ स्कूल के फादर द्वारा कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था। इसकी शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को भेजी थी। मामले के राजनीतिक आयाम बढ़ने पर भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने भी जिला विद्यालय निरीक्षक से वार्ता की। प्रकरण को गंभीर मानते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति में राजेश यादव, सुधीर मिश्रा एवं अर्चना सक्सेना शामिल हैं। समिति से शीघ्र रिपोर्ट तलब की गई है।
इधर, सूत्रों के अनुसार स्कूल के फादर सिरील प्रकाश मोरिस ने अधिकारियों को बताया है कि अभिभावक शराब के नशे में थे और उन्होंने ही हंगामा किया। हालांकि अभिभावक व प्रदर्शनकारियों ने इस दावे को निराधार बताते हुए फादर पर अभद्रता का आरोप दोहराया है।












