एटा डग्गेमार वाहनों पर प्रशासन की सख्ती, अलीगंज रोडवेज बस स्टैंड से हटाया अतिक्रमण

एटा डग्गेमार वाहनों पर प्रशासन की सख्ती, अलीगंज रोडवेज बस स्टैंड से हटाया अतिक्रमण

संवादाता अमन अहमद। एटा जनपद के अलीगंज रोडवेज बस स्टैंड पर लंबे समय से डग्गेमार वाहनों के कब्जे और जाम की समस्या बनी हुई थी। यात्रियों को हो रही भारी परेशानी और अव्यवस्थित यातायात को लेकर मामला तब और गंभीर हुआ, जब इस संबंध में दैनिक भास्कर ऐप पर खबर प्रकाशित हुई। खबर का संज्ञान लेते हुए प्रशासन हरकत में आया और बुधवार दोपहर अलीगंज क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग के नेतृत्व में कोतवाली अलीगंज पुलिस ने सख्त कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान बस स्टैंड परिसर में खड़े डग्गेमार वाहनों के चालान काटे गए। साथ ही ऑटो, ई-रिक्शा और सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया। अधिकारियों ने साफ निर्देश दिए कि भविष्य में बस स्टैंड के अंदर किसी भी प्रकार का अवैध वाहन खड़ा नहीं होने दिया जाएगा।

प्रशासन ने बस स्टैंड के सामने स्थित नगरपालिका के खाली मैदान को चिन्हित करते हुए ऑटो चालकों और ठेला-खोमचा लगाने वालों को वहीं स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा दरियागंज चौराहा अलीगंज पर ऑटो और ई-रिक्शा के लिए अस्थाई स्टैंड भी निर्धारित किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

सड़क किनारे खड़े ठेलों को पीछे हटवाया गया और कोतवाली पुलिस को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई कि दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई होगी।

इस कार्रवाई से यात्रियों को राहत मिली है, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है। कार्रवाई के दौरान थाना अध्यक्ष राजकुमार सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

ये भी पढ़ें यूपी में मौसम का यू-टर्न, बारिश के बाद अब ‘कोहरे’ का कहर, 22 जिलों में येलो अलर्ट जारी

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें