विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची की सघन समीक्षा, आमजन के सहयोग से होगी सूची और अधिक सटीक
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
पानीपत, 19 दिसंबर। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जिले में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची को सही, पारदर्शी और अद्यतन बनाने की दिशा में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य तेजी से जारी है। इस प्रक्रिया के तहत जिले के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में वर्ष 2002 की मतदाता सूची के डेटा का वर्तमान मतदाता सूची से मिलान किया जा रहा है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि यह महत्वपूर्ण कार्य बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से बीएलओ ऐप पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा द्वारा इस कार्य की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है तथा जिले से प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से भेजी जा रही है, ताकि कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे। डॉ. दहिया ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कार्यरत बीएलओ को पूरा सहयोग प्रदान करें। साथ ही अपने तथा अपने परिवार के सदस्यों से संबंधित वर्ष 2002 का मतदाता डेटा उपलब्ध करवाएं, जिससे मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि को दूर किया जा सके।
उन्होंने कहा कि आमजन के सक्रिय सहयोग से मतदाता सूची को और अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाया जा सकता है। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसे समयबद्ध और सफलतापूर्वक पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है।












