सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार–2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
पानीपत, 19 दिसंबर। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार–2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट, निस्वार्थ और सराहनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को सम्मानित करने के उद्देश्य से दिया जाता है। इस पुरस्कार की घोषणा प्रतिवर्ष 23 जनवरी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर की जाती है। उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पुरस्कार के लिए केवल भारतीय नागरिक एवं भारतीय संस्थान ही पात्र हैं। संस्थानों की श्रेणी में स्वैच्छिक संगठन, कॉर्पोरेट संस्थाएं, शैक्षणिक/अनुसंधान संस्थान, प्रतिक्रिया एवं वर्दीधारी बल अथवा अन्य कोई भी संस्था एक इकाई के रूप में आवेदन कर सकती है। उन्होंने बताया कि उम्मीदवार ने भारत में आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों—जैसे रोकथाम, शमन, तैयारी, बचाव, प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास, अनुसंधान/नवाचार अथवा क्षमता निर्माण (ईए कार्य) के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया हो। आवेदन के साथ आपदा प्रबंधन में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण संलग्न करना अनिवार्य है।
पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के पोर्टल पर उपलब्ध है।












