मुख्यमंत्री कन्या विवाह में सजेगा बेमेतरा : एक ही मंडप में बंधेंगे कई जोड़े, प्रदेश के दिग्गज नेताओं का होगा जमावड़ा
31 मई को बेसिक ग्राउंड बेमेतरा में होगा भव्य सामूहिक विवाह समारोह, जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा जिले में 31 मई 2026 को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर के कई नवविवाहित जोड़े एक ही मंडप में वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम का आयोजन बेसिक ग्राउंड बेमेतरा में दोपहर 12 बजे से किया जाएगा। विवाह समारोह के लिए विशेष आकर्षक मंच, स्वागत व्यवस्था एवं सांस्कृतिक माहौल तैयार किया जा रहा है।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि, विधानसभा अध्यक्ष भी करेंगे शिरकत कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति कार्यक्रम को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से बेहद खास बना रही है।
एक साथ गूंजेंगी शहनाइयां, कई जोड़े लेंगे सात फेरे
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए वर-वधु एक साथ वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। सामूहिक विवाह को लेकर परिवारों में उत्साह का माहौल है।
बारात प्रस्थान दोपहर 12 बजे पुराना रेस्ट हाउस से बेसिक मैदान तक किया जाएगा। आयोजन स्थल को पारंपरिक सजावट एवं सांस्कृतिक थीम के साथ भव्य रूप दिया जा रहा है।
गरीब परिवारों के लिए वरदान बनी योजना
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से शासन द्वारा विवाह आयोजन में सहयोग प्रदान किया जाता है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सहायता मिलती है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने की अपील की है।












