जनपद अलीगढ़ में नगर निगम का बड़ा एक्शन
रसलगंज से बारहद्वारी तक चला व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान
मंडल संवाददाता अमित चौहान

नियम तोड़ने वालों का सामान जब्त, जुर्माना वसूला, दोबारा अतिक्रमण पर सख्त चेतावनी
अलीगढ़। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम अलीगढ़ ने मंगलवार को बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह अभियान रसलगंज चौराहे से लेकर बारहद्वारी चौराहे तक व्यापक स्तर पर संचालित किया गया। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने सड़क किनारे, फुटपाथों और चौराहों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, अस्थायी दुकानें और अन्य अतिक्रमण हटवाए। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनका सामान जब्त किया गया तथा निर्धारित जुर्माना भी लगाया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि भविष्य में यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो और सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी दुकानदारों व ठेला संचालकों से अपील की गई कि वे नगर निगम के नियमों का पालन करें और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना, पैदल यात्रियों को राहत देना और आमजन को जाम की समस्या से निजात दिलाना है। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।












