एटा पुलिस में बड़ा फेरबदल SSP डॉ. इलामारन की तबादला एक्प्रेस
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
177 पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर
एटा, 12 अप्रैल। जनपद एटा पुलिस विभाग में आज बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला, जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने एक साथ 177 आरक्षियों और मुख्य आरक्षियों के तबादले कर दिए। इस व्यापक फेरबदल से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि यह कदम जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। लगभग सभी थानों से बड़े स्तर पर पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है, जिससे कार्यप्रणाली में सुधार लाने का स्पष्ट संदेश दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, कई ऐसे आरक्षी भी इस कार्रवाई की जद में आए हैं जो वर्षों से एक ही थाने में जमे हुए थे। वहीं कुछ पुलिसकर्मी ऐसे भी पाए गए, जिनका पहले तबादला हो चुका था, लेकिन उन्होंने अब तक अपनी रवानगी नहीं कराई थी। इस बार ऐसे सभी मामलों पर सख्ती बरतते हुए कार्रवाई की गई है।
एसएसपी की इस “तबादला एक्सप्रेस” को विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता लाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। पुलिस विभाग के अंदर इसे एक सख्त लेकिन जरूरी निर्णय के रूप में देखा जा रहा है। सूत्र यह भी बता रहे हैं कि आने वाले दिनों में एक और बड़ी ट्रांसफर लिस्ट जारी हो सकती है, जिसमें खास पदों पर तैनात कर्मियों के तबादले संभावित हैं। इससे यह साफ है कि एटा पुलिस में अभी और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।












