सहारनपुर थाना बड़गाव पुलिस को बड़ी सफलता, ट्यूबवेल और मंदिर में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर सहारनपुर क्षेत्र
सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपदभर में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बड़गांव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने क्षेत्र में ट्यूबवैलों और मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। आरोपी रात के समय सुनसान स्थानों पर स्थित ट्यूबवैलों और मंदिरों को निशाना बनाकर वहां से विद्युत उपकरण, केबिल और अन्य सामान चोरी कर लेता था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद थाना बड़गांव पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर आरोपी की तलाश शुरू की थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया 01 स्टार्टर, केबिल के 09 टुकड़े, लगभग 02 किलो तांबा, 01 प्लास तथा 3470 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि बरामद नकदी चोरी के सामान को बेचकर प्राप्त की गई थी।पूछताछ में आरोपी ने क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस अब उससे अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है, जिससे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।












