सीईआईआर पोर्टल की मदद से अलीगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, 242 खोए मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए
मंडल संवाददाता अमित चौहान

अलीगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सर्विलांस सेल एवं जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के कुल 242 गुम एवं खोए हुए एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 46 लाख 30 हजार 679 रुपये बताई गई है। बरामद मोबाइल फोन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उनके वास्तविक स्वामियों को वितरित किए गए। लंबे समय से अपने मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों को जब उनके फोन वापस मिले तो उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से खोए हुए मोबाइल फोन की शिकायत दर्ज कराकर उन्हें ट्रेस किया जा सकता है। जनपद पुलिस भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखेगी, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके और उनकी संपत्ति सुरक्षित वापस दिलाई जा सके।












