दर्दनाक सड़क हादसा: यमुना एक्सप्रेसवे पर भाजपा नेता राजू यादव की मौत, तीन साथी घायल
प्रयागराज के प्रतापपुर क्षेत्र के रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता
अखिलेश प्रताप सिंह उर्फ राजू यादव की यमुना एक्सप्रेसवे पर मथुरा के पास
एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा घने कोहरे के कारण हुआ, जिसमें कई वाहन
आपस में टकरा गए।
जानकारी के अनुसार राजू यादव अपनी कार से दिल्ली जा रहे थे। मथुरा के समीप घना कोहरा होने के कारण
बस और कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक इलेक्ट्रॉनिक बस में शॉर्ट सर्किट से
आग लग गई, जिसकी चपेट में आसपास की कई कारें और बसें भी आ गईं।
हादसे के समय राजू यादव के साथ यात्रा कर रहे तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें
इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और
फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक
राजू यादव को बचाया नहीं जा सका।
इस भीषण सड़क दुर्घटना में राजू यादव के अलावा अन्य लोगों की भी मौत होने की खबर है,
जबकि सैकड़ों लोग घायल बताए जा रहे हैं।
अखिलेश प्रताप सिंह उर्फ राजू यादव भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे
और कई मंत्रियों के करीबी माने जाते थे। वे थाना सराय ममरेज क्षेत्र के निवासी
स्वर्गीय बंशीधर यादव के पुत्र थे। पिता की मृत्यु के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा
और क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई।
उनकी मृत्यु की खबर जैसे ही प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में फैली, पूरे इलाके में
शोक की लहर दौड़ गई। हजारों की संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त
कर रहे हैं। राजू यादव अपने पीछे तीन बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं।
इस दुखद घटना से क्षेत्रवासियों और समर्थकों में गहरा शोक व्याप्त है।
ये भी पढ़ें पिता ही बना पुत्री की हत्या का साजिशकर्ता, प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह












