मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा, संगठन और विधानसभा चुनाव को लेकर हुई अहम चर्चा
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
लखनऊ। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद डॉ. रोहित मिश्रा ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की। यह उनकी प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद मुख्यमंत्री से पहली औपचारिक भेंट रही।
मुलाकात के दौरान संगठन की मजबूती, पार्टी की नीतियों को युवाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया।
बैठक में डॉ. रोहित मिश्रा ने छात्रसंघ चुनावों की बहाली का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
डॉ. रोहित मिश्रा इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। छात्र राजनीति से लेकर संगठनात्मक कार्यों तक उनकी सक्रिय भूमिका के कारण प्रदेश के युवाओं के बीच उनकी अच्छी पहचान और लोकप्रियता है। उन्हें एक प्रभावशाली एवं प्रखर वक्ता के रूप में भी जाना जाता है।
भाजयुमो का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ही प्रदेश के युवाओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि डॉ. रोहित मिश्रा के नेतृत्व में युवा मोर्चा संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी चुनावों में युवाओं की भागीदारी और अधिक मजबूत होगी।












