दिल्ली: तुर्कमान गेट में अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई, पथराव के बाद हालात तनावपूर्ण; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

दिल्ली: तुर्कमान गेट में अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई, पथराव के बाद हालात तनावपूर्ण; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

नई दिल्ली।दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अवैध निर्माण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को मंगलवार देर रात विरोध का सामना करना पड़ा। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव किया, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़े गए।

प्रशासन के मुताबिक यह कार्रवाई दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर की जा रही थी। आधी रात के बाद नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बैरिकेडिंग कर अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया, जो देखते ही देखते उग्र हो गया और पथराव शुरू हो गया। बढ़ते तनाव के चलते कार्रवाई को बीच में रोकना पड़ा।

आज सुबह फिर शुरू होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 8 बजे एक बार फिर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
तुर्कमान गेट इलाके में तनाव को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके अनुसार रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में यातायात धीमा रहने की आशंका है।

  • JLN मार्ग, अजमेरी गेट और मिंटो रोड पर ट्रैफिक स्लो रह सकता है।
  • दिल्ली गेट, BSZ मार्ग और NS मार्ग पर भी दबाव बने रहने की संभावना है।
  • कमला मार्केट गोलचक्कर से हमदर्द बिल्डिंग होते हुए आसफ अली रोड तक का रास्ता बंद रहेगा।
  • कमला मार्केट गोलचक्कर से JLN मार्ग और दिल्ली गेट से JLN मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी।
  • मिरदर्द चौक से गुरु नानक चौक (महाराजा रणजीत सिंह मार्ग) की ओर जाने वाला रास्ता भी कार्रवाई पूरी होने तक बंद रहेगा।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन का सहयोग करें।

क्या है मामला
दिल्ली नगर निगम द्वारा रामलीला मैदान क्षेत्र में कराए गए सर्वे में मस्जिद से सटे एक दवाखाना और बारात घर को अवैध निर्माण बताया गया है। हाई कोर्ट के आदेश के बाद इन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। विरोध और हंगामे के चलते फिलहाल निर्माण पूरी तरह नहीं हटाया जा सका है।

पुलिस का बयान
सेंट्रल रेंज के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस मधुर वर्मा ने बताया कि अदालत के आदेश के अनुपालन में कार्रवाई की जा रही है। पथराव और हंगामे के कारण हालात बिगड़े, जिन्हें नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आवश्यक कदम उठाने पड़े।स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

ये भी पढ़ें ग्राम पंचायत सकरदहा में राजा भैया की पहल से 6 नई सड़कों का निर्माण, बदली गांव की तस्वीर

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें