एटा में क्रिसमस की रौनक: रोशनी से जगमगाए चर्च, सैँटा क्लॉज ने बच्चों में बांटी खुशियां।
संवादाता अमन अहमद। एटा जनपद में क्रिसमस का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के वातावरण में मनाया गया। ईसा मसीह के जन्मोत्सव के अवसर पर जिले के विभिन्न चर्चों और गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया, जिनमें बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों और ईसाई समाज के लोगों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
क्रिसमस के मौके पर चर्चों को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और आकर्षक रंगोलियों से सजाया गया। गांधी मार्केट स्थित चर्च विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहां सांता क्लॉज के रूप में पहुंचे आयोजकों ने बच्चों को उपहार और चॉकलेट वितरित कर खुशियां बांटीं। वहीं क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में भी प्रभु यीशु की विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की गईं।
बुधवार देर रात 12 बजे सभी चर्चों में प्रभु यीशु का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके बाद सुबह 10 बजे से प्रार्थना सभाओं का सिलसिला शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। प्रार्थना के पश्चात बच्चों को उपहार दिए गए और लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।
गांधी मार्केट चर्च के पादरी अनिल मसीहा ने प्रभु यीशु के जीवन और उनके संदेशों पर प्रकाश डालते हुए प्रेम, शांति और भाईचारे को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गांधी और सपा के पूर्व जिला अध्यक्ष असरफ हुसैन भी उपस्थित रहे। उन्होंने क्रिसमस को एकता और सौहार्द का प्रतीक बताते हुए सभी को मिल-जुलकर पर्व मनाने का संदेश दिया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
ये भी पढ़ें क्रिसमस पर पीएम मोदी ने चर्च में की प्रार्थना, देशवासियों को दिया शांति और सद्भाव का संदेश












