हाथरस में भैंस चोरी के शक पर भड़का विवाद, दो पक्षों में खूनी संघर्ष; 11 घायल
संवाददाता अश्वनी कुमार जिला हाथरस


हाथरस के कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला विभव नगर में मंगलवार सुबह दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के कुल 11 लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच भैंस चोरी के शक को लेकर पहले से ही तनातनी चल रही थी। मंगलवार सुबह बच्चों के बीच हुए मामूली झगड़े ने पुराने विवाद को फिर से हवा दे दी। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में लाठी-डंडे और धारदार हथियार निकल आए और जमकर मारपीट हुई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कराया। घायलों में इस्लाम, पिंटू, आमिर, रुखसाना, पलिया, सलमान, गुड्डी, परवीन, रुखसार और असलम सहित कुल 11 लोग शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












