अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का काउंटडाउन: बी.एम.जी. स्कूल में 750 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
संवाददाता आयुष मिश्र प्रयागराज।


आगामी ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस – 2026’ के 100 दिवसीय काउंटडाउन (उलटी गिनती) समारोह के उपलक्ष्य में सोमवार को करछना तहसील के ग्राम बघेरा स्थित बी.एम.जी. पब्लिक स्कूल एंड इंटर कॉलेज में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस शिविर में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्थानीय ग्रामीणों सहित लगभग 750 लोगों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। यह वृहद आयोजन ‘भारतीय महिला ग्रामोद्योग संस्थान (बघेरा, करछना)’ द्वारा ‘मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, आयुष मंत्रालय (भारत सरकार)’ के विशेष सौजन्य से संपन्न हुआ। प्रातः 7:00 बजे से 8:00 बजे तक चले इस एक घंटे के सत्र में योग प्रशिक्षक श्री वागीश द्विवेदी ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से बताया और योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का सार्थक संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के लाभों से अवगत कराया गया तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया। उपस्थित विशाल जनसमूह ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल आयोजन भारतीय महिला ग्रामोद्योग संस्थान-प्रयागराज के सहयोग से संपन्न हुआ। संस्थान के प्रबंधक एन.पी. सिंह ने सफल आयोजन पर सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम क्षेत्र की जनता के लिए अत्यंत उपयोगी रहा तथा स्थानीय नागरिकों ने इसकी बहुत सराहना की।












