एटा में केनरा बैंक शाखा बंद: भवन मालिक से विवाद के चलते शटर पर ताला, ग्राहक सेवाएं ठप
संवादाता अमन अहमद। एटा जिले के अलीगंज कस्बे में केनरा बैंक की शाखा अचानक बंद हो गई। विवादित परिस्थिति के चलते भवन मालिक प्रखर गुप्ता और उनके भाई ने बैंक भवन के शटर पर ताला लगा दिया, जिससे ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं से वंचित होना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, बैंक और भवन मालिक के बीच 10 साल का किरायानामा जुलाई माह में समाप्त हो गया था। इसके बाद भवन मालिक ने बैंक को भवन खाली करने का नोटिस थमाया, लेकिन बैंक ने नई शर्तों पर सहमति नहीं दी। बैंक ने 5 साल के नए एग्रीमेंट का प्रस्ताव रखा, जबकि मालिक 10 साल के समझौते पर अड़े रहे।
मंगलवार की शाम बैंक प्रबंधन ने ईमेल के माध्यम से 5 साल का प्रस्ताव भेजा, जिसे भवन मालिक ने सिरे से खारिज कर दिया। दो दिन तक चली बातचीत के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका, जिससे मालिक ने मजबूरन शाखा के शटर पर ताला जड़ दिया।
इस विवाद की वजह से स्थानीय लोगों में गहरी चिंता का माहौल व्याप्त है। रोजमर्रा के बैंकिंग कार्य पूरी तरह ठप हो चुके हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल बैंक प्रशासन और भवन मालिक के बीच वार्ता जारी है, लेकिन समाधान अभी दूर नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें एटा मेडिकल कॉलेज में पीएम मोदी के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन













