फर्जी पुलिस चरित्र प्रमाण-पत्र बनाने वाला साइबर ठग गिरफ्तार, भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज बरामद!!
संवाददाता रोहित वर्मा
दैनिक चक्र न्यूज
प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के कुशल निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक क्षेत्राधिकारी नगर प्रशांत राज के कुशल पर्यवेक्षण में साइबर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी नीरज कुमार यादव व चौकी प्रभारी अर्चना की संयुक्त टीम ने फर्जी दस्तावेज बनाकर लोगों से ठगी करने वाले एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी दीपक वैश्य को उसके प्रतिष्ठान दीप इलेक्ट्रॉनिक्स, राजपाल टंकी (यूनियन बैंक के नीचे) से दबोचा। पूछताछ में पता चला कि वह लोगों को झांसे में लेकर फर्जी पुलिस चरित्र प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी आदि तैयार कर भारी रकम वसूलता था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से लेमिनेशन मशीन, सीपीयू, मॉनिटर, मॉर्फो डिवाइस समेत कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। नगर कोतवाली पुलिस की इस तत्पर व सटीक कार्रवाई से जिले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की भी तलाश में जुट गई है।
ये भी पढ़ें धार्मिक माहौल में नई पर्यटन संभावनाओं का केंद्र बनेगा श्री जगन्नाथ मंदिर












