एटा जिला जेल में उम्रकैद काट रहे कैदी की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
जिला संवाददाता काव्यांश रावत एटा। जनपद की जिला जेल में हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 50 वर्षीय कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जेल अधीक्षक अंकेक्षिता श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक जितेंद्र उर्फ भूरे धारा 302 के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। वह 7 अप्रैल 2025 से जिला जेल में निरुद्ध था। सोमवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद जेल स्टाफ द्वारा तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उसकी हालत गंभीर हो गई। इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।
मृतक कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बिजोरी का निवासी था। मौत की सूचना मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।












