रामकोला में आस्थायी पुलिया धंसी, ईंट लदा ट्रैक्टर फंसा, स्थायी निर्माण की उठी मांग
जिला संवाददाता प्रतापगढ़
अवधेश चंद्र पांडेय
बाघराय/प्रतापगढ़–राजापुर रोड स्थित रामकोला क्षेत्र में कुछ दिन पहले आस्थायी रूप से बनाई गई पुलिया धंस गई, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुलिया पर मिट्टी डालकर अस्थायी आवागमन की व्यवस्था की गई थी, जो एक सप्ताह भी नहीं टिक सकी। गुरुवार को ईंट से लदा एक ट्रैक्टर पुलिया पर पहुंचते ही फंस गया, जिससे सड़क पर कई घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। बताया जा रहा है कि यह आस्थायी पुलिया जनसत्तादल लोकतांत्रिक के प्रदेश अध्यक्ष एवं बाबागंज विधायक विनोद सरोज के आदेश पर बनवाई गई थी, ताकि टूटे नाले के कारण लोगों को हो रही परेशानी से तत्काल राहत मिल सके। लेकिन कमजोर व्यवस्था के चलते लोगों की मुश्किलें कम होने के बजाय और बढ़ गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आस्थायी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मार्ग से रोजाना हजारों राहगीर गुजरते हैं और आए दिन उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों की मांग है कि अब पुल का पुनः मजबूत और स्थायी निर्माण कराया जाए, जिससे भविष्य में यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की आशंका भी खत्म हो सके।
स्थानीय प्रशासन से भी जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।












