16 वर्ष से अधिक आयु की दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राईसाइकिल, एटा में ऑनलाइन आवेदन शुरू
संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार
एटा, 09 जुलाई 2026। जनपद एटा की दिव्यांग छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा ई-ट्राईसाइकिल योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं को ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें विद्यालय, महाविद्यालय, प्रशिक्षण संस्थान, लाइब्रेरी, लैब एवं छात्रावास तक आने-जाने में सुविधा मिल सके। योजना के तहत प्रति ई-ट्राईसाइकिल अधिकतम 65 हजार रुपये तक की धनराशि अनुमन्य है। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि योजना का लाभ मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफिलिया सहित अन्य पात्र दिव्यांग छात्राओं को मिलेगा, जो शारीरिक रूप से ई-ट्राईसाइकिल चलाने में सक्षम हों। इसके लिए छात्रा की दृष्टि एवं मानसिक स्थिति सामान्य होना तथा कमर का ऊपरी भाग स्वस्थ होना आवश्यक है। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय द्वारा जारी दिव्यांग प्रमाण-पत्र अथवा यूडीआईडी कार्ड होना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ केवल उन छात्राओं को मिलेगा जिनका परिवार आयकरदाता की श्रेणी में नहीं आता है। गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, पिछले पांच वर्षों में किसी भी सरकारी या अन्य स्रोत से ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त कर चुकी छात्राएं इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन के साथ संबंधित विद्यालय, महाविद्यालय अथवा प्रशिक्षण संस्थान द्वारा जारी अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने जनपद की पात्र दिव्यांग छात्राओं से अपील की है कि वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें। अधिक जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय, जिला पंचायत परिसर, एटा से संपर्क किया जा सकता है।












