दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल, शिक्षा के लिए आवागमन होगा आसान
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी, एनसीआर नोएडा
गाजियाबाद, 13 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश सरकार ने दिव्यांग छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में अधिक आत्मनिर्भर बनाने और उनके विद्यालय एवं महाविद्यालय तक आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की है। योजना के तहत पात्र दिव्यांग छात्राओं को निःशुल्क ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी गाजियाबाद श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ ने बताया कि यह प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। ई-ट्राईसाइकिल मिलने से दिव्यांग छात्राओं की शिक्षण संस्थानों तक पहुंच आसान होगी और उन्हें आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होगी। इससे उनकी नियमित शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ आत्मनिर्भरता एवं आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
योजना की प्रमुख पात्रता
योजना का लाभ लेने के लिए छात्रा की आयु कम से कम 16 वर्ष होनी चाहिए। छात्रा किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय या महाविद्यालय में अध्ययनरत हो तथा उसकी दिव्यांगता 40 प्रतिशत या उससे अधिक होनी चाहिए।
इसके अलावा छात्रा के दोनों हाथ कार्यशील होने चाहिए तथा दृष्टि एवं मानसिक स्थिति सामान्य होनी चाहिए। शरीर का ऊपरी भाग इतना सक्रिय होना आवश्यक है कि वह ई-ट्राईसाइकिल का सुरक्षित संचालन कर सके। पिछले पांच वर्षों में किसी सरकारी योजना, सांसद निधि, विधायक निधि अथवा अन्य सरकारी अनुदान से मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल या ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त नहीं की हो।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
आवेदन के लिए आधार कार्ड, UDID कार्ड/दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) तथा विद्यालय या महाविद्यालय में अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र सहित निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
इच्छुक एवं पात्र छात्राएं ऑनलाइन आवेदन https://hwd.uphq.in/Home के माध्यम से कर सकती हैं। आवेदन से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए विकास भवन, गाजियाबाद स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-131 में संपर्क किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त पात्र दिव्यांग छात्राएं दिव्यांग हेल्पलाइन नंबर 8791491011 पर आवश्यक दस्तावेज भेजकर भी आवेदन करा सकती हैं।
जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ ने जनपद की सभी पात्र दिव्यांग छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग छात्राओं को शिक्षा से जोड़ना, आवागमन की बाधाओं को कम करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना शासन एवं जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिला सूचना कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा जनहित में प्रसारित।












