ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का डीएम ने किया निरीक्षण, राजनीतिक दलों की मौजूदगी में परखी सुरक्षा व्यवस्था

ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का डीएम ने किया निरीक्षण, राजनीतिक दलों की मौजूदगी में परखी सुरक्षा व्यवस्था

संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार

एटा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाए रखना था। इस दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली तथा अभिलेखों के रखरखाव का गहन परीक्षण किया। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कैमरे 24 घंटे सुचारु रूप से संचालित रहें और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में वेयर हाउस के विभिन्न कक्षों के ताले खोलकर ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव का निरीक्षण किया गया। साथ ही परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण और अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाताओं का विश्वास सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि ईवीएम-वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा मानकों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भारतीय जनता पार्टी के मंडल कोषाध्यक्ष प्रशांत भारती, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सोनू यादव, कांग्रेस के सिटी कोऑर्डिनेटर सुरेंद्र सिंह एवं पीसीसी सदस्य नैना शर्मा, बहुजन समाज पार्टी के जिला संयोजक वीरेंद्र सिंह तथा समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र प्रजापति मौजूद रहे। इसके अलावा निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न हुए इस निरीक्षण ने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने का संदेश दिया।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें