एटा पुलिस ने 14 दिन पुरानी लूट का किया खुलासा, दो शातिर अंतर्जनपदीय लुटेरे गिरफ्तार
संवाददाता: योगेंद्र सिंह

एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र में काली नदी पुल के पास महिला से कान का झुमका लूटकर फरार हुए बदमाशों को एटा पुलिस ने गिरफ्तार कर 14 दिन पुरानी लूट की वारदात का खुलासा कर दिया। कोतवाली देहात पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर अंतर्जनपदीय लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित और सचिन के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से महिला से लूटा गया कान का झुमका, दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने पूछताछ और बरामदगी के आधार पर अन्य वारदातों से संबंधित सोने की चेन, मोबाइल फोन और 15,700 रुपये की नकदी भी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने एटा के अलावा कासगंज, फर्रुखाबाद, बरेली और शाहजहांपुर जनपदों में भी लूट की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी शातिर एवं अंतर्जनपदीय अपराधी हैं, जो सुनसान रास्तों और राहगीरों को निशाना बनाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके संपर्क में रहे अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई एसएसपी एटा डॉ. इलामारन के निर्देश पर की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












