कांवड़ मार्ग पर एएसपी श्वेताभ पाण्डेय ने परखी सुरक्षा व्यवस्था यातायात, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग और पुलिस तैनाती का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश
संवाददाता योगेंद्र सिंह

एटा, 09 अगस्त। कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह के साथ थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और मार्ग पर की गई सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती तथा चेतावनी एवं सांकेतिक सूचना बोर्डों की स्थिति को परखा। उन्होंने पुलिस सहायता केंद्रों, मेडिकल बूथों के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए शिविरों और भंडारों का भी निरीक्षण किया। एएसपी श्वेताभ पाण्डेय ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखा जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
एएसपी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि कांवड़ मार्ग पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात को नियंत्रित करने के लिए पूर्व निर्धारित रूट डायवर्जन और बैरिकेडिंग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। पुलिस कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के भी निर्देश दिए गए। जनपदीय पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए लगातार कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया जा रहा है। सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।












