नाबालिग बेटी की तलाश में परिवार का DIG कार्यालय पर धरना, 45 दिन से लापता
मंडल संवाददाता अमित चौहान
अलीगढ़। टप्पल थाना क्षेत्र से 45 दिनों से लापता एक नाबालिग लड़की का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बेटी की बरामदगी न होने से आक्रोशित पीड़ित परिवार ने बुधवार को अलीगढ़ में DIG कार्यालय के बाहर धरना देकर न्याय की गुहार लगाई। परिवार का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया, जबकि पुलिस को कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।
पीड़ित परिजनों का कहना है कि वे लगातार थाने और उच्च अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन 45 दिन बीत जाने के बाद भी बेटी का कोई सुराग नहीं लग सका। धरने के दौरान परिवार की आंखों में आंसू और आवाज में बेबसी साफ झलक रही थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो आसपास के शहरों और संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं। जांच में सहयोग करने वाले दो युवकों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के माध्यम से जल्द ही बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।
DIG कार्यालय पर धरने की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर आश्वासन दिया कि मामले की निगरानी स्वयं उच्च स्तर पर की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
फिलहाल, नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी को लेकर क्षेत्र में चिंता और तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द बेटी को ढूंढकर सौंपने की मांग की है।












