फतेहपुर : पटाखा फैक्ट्री में धमाका, महिला की मौत – पति की हालत गंभीर
फतेहपुर: जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के *12 मील जमरावा गांव* में रविवार को पटाखा फैक्ट्री में अचानक हुए भीषण धमाके से बड़ा हादसा हो गया। घटना में पटाखा बना रही महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दम्पत्ति अपने घर की कोठरी में पटाखों का निर्माण कर रहे थे। इसी दौरान तेज धमाका हुआ, जिससे पूरा कमरा ढह गया। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दराज के गांवों तक सुनाई दी और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फॉरेंसिक टीम भी मौके पर जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखा निर्माण का लाइसेंस था या अवैध रूप से यह काम किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












