राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में बैठक हुई संपन्न
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी नोएडा


गौतम बुद्ध नगर, 09 जनवरी 2026 राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं को रोकने एवं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने की, जबकि उप पुलिस आयुक्त (यातायात) डॉ. प्रवीण रंजन सिंह एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय ने प्रमुख रूप से मार्गदर्शन प्रदान किया। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों, ग्राम प्रधानों तथा पंचायत सचिवों को सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उनके सख्त अनुपालन पर बल दिया गया। चर्चा में ग्राम सभा चौपालों एवं आशा बहनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।एआरटीओ डॉ. उदित नारायण पांडेय ने हिट एंड रन मामलों, कैशलेस ट्रीटमेंट योजना (जिसके तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को एक सप्ताह तक 1.5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाता है) तथा राहगीर योजना (दुर्घटना में सहायता करने वाले राहगीरों को रु 25000 प्रोत्साहन एवं पुरस्कार प्रदान करने हेतु) की विस्तार से जानकारी साझा की। कार्यक्रम में 70 से अधिक अधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि“सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा है।
सभी ग्राम प्रधान एवं पंचायत सचिव ग्रामीणों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य करें तथा ओवर स्पीडिंग से बचें। ग्राम सभा चौपालों के माध्यम से जागरूकता फैलाएं, ताकि हमारा जिला दुर्घटना मुक्त बने। उप पुलिस आयुक्त (यातायात) डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि “यातायात नियमों का उल्लंघन न केवल स्वयं के लिए, बल्कि दूसरों के जीवन के लिए भी खतरा है। सभी नागरिक हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं, मोबाइल का उपयोग ड्राइविंग के दौरान न करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन जन सहयोग के बिना पूर्ण सफलता संभव नहीं। सड़क सुरक्षा हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। एआरटीओ डॉ. उदित नारायण पांडेय ने कहा कि“हिट एंड रन जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सतर्क रहें। दुर्घटना होने पर तुरंत सहायता करें, क्योंकि कैशलेस ट्रीटमेंट योजना से पीड़ित को त्वरित इलाज मिलेगा तथा राहगीर योजना के तहत सहायता करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। सभी वाहन चालक नियमों का पालन करें, ताकि हम राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के लक्ष्य ‘सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा’ को साकार कर सकें। यह बैठक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जन जागरूकता अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुई।
जिला प्रशासन सभी नागरिकों से अपील करता है कि यातायात नियमों का पालन कर सड़कें सुरक्षित बनाएं तथा अनमोल जीवन की रक्षा करें।गौतम बुद्ध नगर।












