गाज़ीपुर पुलिस IGRS निस्तारण में प्रदेश में अव्वल, 75 जनपदों में हासिल किया प्रथम स्थान
गाज़ीपुर | ब्यूरो चीफ पं. कृष्ण विहारी त्रिवेदी
उत्तर प्रदेश सरकार की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में गाज़ीपुर पुलिस ने प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
पुलिस अधीक्षक गाज़ीपुर द्वारा IGRS निस्तारण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग एवं सख्त निर्देशों के परिणामस्वरूप जनपद ने माह मार्च की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इतना ही नहीं, जनपद के 27 थानों में से 23 थानों को भी पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल हुआ है, जो पुलिस कार्यप्रणाली की प्रभावशीलता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किए गए मूल्यांकन में यह पाया गया कि गाज़ीपुर जनपद की शिकायत निस्तारण कार्यवाही 100% रही, जो प्रदेश के सभी 75 जनपदों में सर्वश्रेष्ठ है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के प्रवेक्षण में जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।
जनसुनवाई पोर्टल से प्राप्त शिकायतों को पुलिस कार्यालय में गठित IGRS सेल द्वारा संबंधित थानों को ऑनलाइन भेजा जाता है। थाना प्रभारियों द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच कर आख्या प्रस्तुत की जाती है। साथ ही, शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर यह सुनिश्चित किया जाता है कि वह पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं।
इस पूरी प्रक्रिया से न केवल शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो रहा है, बल्कि पुलिस कार्यवाही की गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार देखने को मिल रहा है।
ये भी पढ़ें एटा में अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, छापेमारी में 1 लोडर व 3 ट्रैक्टर जब्त












