शादी से इनकार पर युवती ने तोड़ा जीवन का साथ: मंगेतर की नई डिमांड से टूटा रिश्ता, सदमे में लगाई फांसी
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। जसरथपुर थाना क्षेत्र के अमृतपुर गांव में सोमवार देर शाम एक 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार, युवती ने यह कदम तब उठाया जब उसके मंगेतर ने शादी से इनकार कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान भावना (22) पुत्री सुरेंद्र निवासी अमृतपुर के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मंगेतर रवि पुत्र चरण सिंह, निवासी बागवाला थाना क्षेत्र, ने शादी तोड़ने और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर युवती को प्रताड़ित किया था।
एक साल पहले तय हुआ था रिश्ता
जानकारी के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले भावना का विवाह बागवाला के रवि से तय हुआ था। रिश्ता तय होने के बाद दहेज की तय राशि भी दे दी गई थी। हालांकि, बीच में रवि के भाई के निधन के चलते शादी कुछ समय के लिए टाल दी गई थी।
परिजनों का कहना है कि सोमवार देर शाम रवि ने भावना को फोन कर शादी से साफ इनकार कर दिया। इसी बात से आहत होकर भावना ने कमरे में फांसी लगा ली। जब परिवार वालों ने दरवाजा तोड़ा, तो वह फंदे पर लटकी मिली।
गाड़ी की मांग कर रहा था लड़का
भावना के पिता सुरेंद्र ने बताया, “रवि ने तय रकम के बाद भी गाड़ी की मांग शुरू कर दी थी। जब हमने असमर्थता जताई, तो उसने शादी तोड़ने की धमकी दी। इसी सदमे में मेरी बेटी ने अपनी जान दे दी।”
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ नीतिश गर्ग सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड द्वारा साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
सीओ नीतिश गर्ग ने बताया कि, “परिजनों ने मंगेतर पर शादी तोड़ने और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”












