इंस्टाग्राम पर बात करने से रोका तो पति भड़का: पत्नी, ससुर और भाभी को पीटा, तीनों घायल
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। अलीगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मद नगर बझेरा गांव में सोशल मीडिया पर विवाद के चलते पारिवारिक कलह मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर किसी अन्य महिला से बातचीत करने से रोकने पर पति ने पत्नी, ससुर और भाभी को बुरी तरह पीट दिया। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता रजनी ने बताया कि उनका पति अनार सिंह इंस्टाग्राम पर किसी अन्य महिला से बातचीत करता है। जब उन्होंने इसका विरोध किया और उसे इंस्टाग्राम का उपयोग बंद करने को कहा, तो अनार सिंह ने गुस्से में उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। रजनी के पिता रामसनेही ने बताया कि दो नवंबर को भी अनार सिंह ने रजनी के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद वह मायके आ गई थी। सोमवार को अनार सिंह ने फोन कर रजनी को बुलाया और कहा कि अब दोबारा विवाद नहीं होगा। इस पर वह अपनी बेटी को छोड़ने गए, लेकिन वहां पहुंचते ही अनार सिंह ने रजनी और उनकी भाभी प्रिया के साथ मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पर रामसनेही को भी लाठी-डंडों से पीटा गया, जिससे उनके पैर और हाथ में चोटें आईं। घायल प्रिया ने बताया कि उनके नंदोई (अनार सिंह) अक्सर रजनी के साथ मारपीट करते हैं। रजनी और अनार सिंह की शादी को 13 साल हो चुके हैं और उनके चार बच्चे हैं।
इस मामले पर अलीगंज थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि यह पति-पत्नी के बीच का विवाद है। पुलिस को तहरीर मिल चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












