एटा महोत्सव 2026 की भव्य तैयारी बड़े कलाकारों की प्रस्तुति से सजेगा मंच
संवाददाता मुकेश कुमार एटा। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला प्रशासन द्वारा एटा महोत्सव को और अधिक भव्य, आकर्षक एवं यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कड़ी मेहनत और सुनियोजित कार्ययोजना के तहत प्रशासन ने महोत्सव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।
पूरे उत्तर प्रदेश में जहां इस समय SIR के कार्यों पर विशेष जोर दिया जा रहा है, वहीं एटा जिला प्रशासन ने SIR कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पहले ही प्रदेश को चौंकाया था। अब उसी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ एटा महोत्सव को भी नया आयाम देने की तैयारी की जा रही है, जिससे एक नया कीर्तिमान स्थापित होने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि एटा महोत्सव के आयोजन में जिला प्रशासन की टीम कोई भी कसर नहीं छोड़ेगी। उनके नेतृत्व में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, जिसका असर तैयारियों में साफ दिखाई दे रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इस बार बड़े कलाकारों के साथ-साथ जनपद एटा की उभरती हुई संस्थाओं और स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन मिल सके।
एटा महोत्सव का शुभारंभ 15 जनवरी 2026 को प्रस्तावित है। उद्घाटन अवसर पर अलीगढ़ मंडलायुक्त संगीता सिंह की उपस्थिति समयानुसार सुनिश्चित हो चुकी है। वहीं नुमाइश प्रभारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) लालता प्रसाद द्वारा लगभग सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
जनपद स्तर के संयोजक एवं आयोजकों के कार्यक्रम भी लगभग तय हो चुके हैं। इस बार भजन गायक कन्हैया मित्तल और ग़ज़ल गायक अल्ताफ राजा नुमाइश ग्राउंड में बने भव्य पंडाल में अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके साथ ही जिला प्रशासन के प्रयासों से मुंबई के कई बड़े कलाकार भी मंच साझा करने जा रहे हैं।
कुल मिलाकर एटा महोत्सव 2026 को एक बार फिर भव्य स्वरूप देने के लिए जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह, एडीएम लालता प्रसाद कुशवाहा एवं उनकी पूरी टीम दिन-रात जुटी हुई है। यह महोत्सव न केवल मनोरंजन का केंद्र बनेगा, बल्कि एटा की सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
ये भी पढ़ें 15 जनवरी सार्वजनिक अवकाश घोषित












