31 मार्च तक हज यात्रियों को अंतिम किस्त जमा करने के निर्देश हज कमेटी ऑफ इंडिया ने जारी किया सर्कुलर
स्टेट ब्यूरो चीफ़ विष्णु रावत
हज यात्रा 2026 की तैयारियों के तहत हज कमेटी ऑफ इंडिया ने देशभर के चयनित हज यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जारी सर्कुलर के अनुसार सभी यात्रियों को अपनी शेष (अंतिम) किस्त 31 मार्च 2026 तक हर हाल में जमा करनी होगी।
सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि तक राशि जमा न करने पर यात्रियों की हज यात्रा निरस्त भी की जा सकती है। ऐसे में सभी चयनित यात्रियों को समय सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। विभिन्न एम्बार्केशन पॉइंट (रवानगी केंद्र) के अनुसार अंतिम किस्त की राशि अलग-अलग तय की गई है। लखनऊ से जाने वाले हज यात्रियों को 75,250 रुपये जमा करने होंगे, जबकि दिल्ली से जाने वालों के लिए 69,300 रुपये और मुंबई से जाने वाले यात्रियों के लिए 62,950 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा, जो यात्री कुर्बानी (क़ुरबानी) की सुविधा लेना चाहते हैं, उन्हें 17,280 रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे। वहीं शिया समुदाय के हज यात्रियों के लिए जोहफा मीकात के विकल्प हेतु 5,520 रुपये अतिरिक्त निर्धारित किए गए हैं।
हज कमेटी ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे समय से अपनी भुगतान प्रक्रिया पूरी करें और आवश्यक दस्तावेजों को भी अपडेट रखें, ताकि हज यात्रा की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।












